Info India News I Bhopal I स्वतंत्रता दिवस: लाल परेड मैदान पर राज्यस्तरीय समारोह के सूत्रधार होंगे प्रख्यात उद्घोषक विनय उपाध्याय
भोपाल मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित होने वाले 80वें स्वतंत्रता दिवस के राज्यस्तरीय मुख्य परेड एवं पदक अलंकरण समारोह का संचालन सुप्रसिद्ध उद्घोषक एवं संस्कृतिकर्मी विनय उपाध्याय करेंगे। उनके साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी प्रतिमा मैथ्यू सह-संचालक (एंकर) की भूमिका में रहेंगी।
15 अगस्त की सुबह 9 बजे ऐतिहासिक लाल परेड मैदान में आयोजित इस भव्य समारोह में मुख्य अतिथि एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव परेड की सलामी लेंगे। इस अवसर पर शौर्य, पराक्रम और देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत कुल 22 प्लाटून दल परेड में भाग लेकर कार्यक्रम को भव्यता प्रदान करेंगे।
राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बना चुके हैं विशिष्ट पहचान
विनय उपाध्याय भारत सरकार और मध्य प्रदेश शासन के कई राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर के गरिमामय आयोजनों में मुख्य सूत्रधार और विशिष्ट वक्ता के रूप में अपनी सेवाएँ देते रहे हैं। अपनी विशिष्ट भाषा-शैली, गंभीर स्वर और गरिमामय प्रस्तुति के लिए उन्हें कई मंचों पर सम्मानित व सराहा जा चुका है। वे मॉरीशस एवं श्रीलंका सहित अन्य देशों में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और विदेशी राजनयिकों की उपस्थिति वाले कार्यक्रमों का भी सफल संचालन कर चुके हैं।
साहित्य और कला जगत में विशेष योगदान
एक लेखक और पत्रकार के रूप में बौद्धिक व साहित्यिक जगत में प्रतिष्ठित विनय उपाध्याय की कृतियों को मध्य प्रदेश शासन द्वारा पुरस्कृत किया गया है, वहीं भारत सरकार द्वारा उनके साहित्य को पुस्तकालयों के लिए चयनित किया गया है। वर्तमान में वे रवीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (भोपाल) में ‘विश्व कला केंद्र’ के निदेशक, नाट्य पत्रिका ‘रंग संवाद’ के संपादक और प्रतिष्ठित ‘विश्वरंग’ समारोह के सांस्कृतिक समन्वयक के रूप में कार्यरत हैं।
अभिषेक पाराशर की विशेष रिर्पोट
