Info India News I रीवा में किसानों ने प्राकृतिक खेती, गौ संवर्धन और उद्यानिकी फसलों में कमाल किया है
मुख्यमंत्री ने बलराम महोत्सव में वर्चुअली किया रीवा के किसानों से संवाद
अति वर्षा और बाढ़ से फसल हानि का अधिकारी सर्वे कराएं – मुख्यमंत्री
स्वामित्व योजना के भू अधिकार पत्रों का होगा नि:शुल्क पंजीयन – मुख्यमंत्री
सरकार ने किसानों के कल्याण के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं – उप मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सेवा संकल्प अभियान के तहत कृषि उपज मण्डी करहिया में आयोजित बलराम महोत्सव का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने रीवा के प्रगतिशील किसानों से संवाद करके उन्नत खेती की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार खेती को उन्नत बनाने और किसानों की समृद्धि के लिए लगातार प्रयास कर रही है। महोत्सव में किसानों को उन्नत कृषि यंत्रों की जानकारी और खेती को उन्नत बनाने के लिए कृषि वैज्ञानिकों का मार्गदर्शन मिला है। रीवा तेजी से विकास कर रहा है। रीवा के सुंदरजा आम को जीआई टैग मिलने से इसकी दुनिया भर में मांग बढ़ी है। रीवा में धान और गेंहू का विपुल उत्पादन होने के साथ-साथ उद्यानिकी फसलों और प्राकृतिक खेती में भी किसानों ने अच्छी सफलता प्राप्त की है। बसामन मामा गौ अभ्यारण्य में गायों को संरक्षण देने के साथ-साथ प्राकृतिक खेती का मॉडल विकसित किया गया है। श्रीअन्न के उत्पादन और मृदा स्वास्थ्य कार्ड बनाने में भी अच्छा कार्य हुआ है। रीवा में खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों की स्थापना करके किसानों को अधिक लाभ देने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा में हाल में आई बाढ़ से यदि फसलों को हानि हुई है तो अधिकारी उसका समुचित सर्वे कराएं। किसानों के कष्ट में सरकार सदैव उनके साथ खड़ी है। स्वामित्व योजना से आबादी भूमि में रहने वालों को भू अधिकार पत्र के नि:शुल्क पंजीयन की सुविधा दी जा रही है। इसके लिए सरकार चार हजार करोड़ रुपए खर्च कर रही है। जिले में निर्माणाधीन सिंचाई परियोजनाओं के पूरा होने से एक साल में एक लाख एकड़ क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा बढ़ेगी। अब तो स्लीमनाबाद टनल का काम पूरा हो गया है। शीघ्र ही नर्मदा का जल विन्ध्य के खेतों तक पहुंचेगा। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है। प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों की जनसेवा को सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। प्रधानमंत्री जी के प्रयासों से खेती का विकास हुआ और हमारे किसान समृद्ध हुए हैं।
महोत्सव में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि सरकार ने किसानों के कल्याण के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल नेतृत्व में प्रदेश में किसान विकास वर्ष मनाते हुए किसानों के हित में बड़े अच्छे कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री जी ने किसानों को फसल ऋण का वर्ष में एक बार में भुगतान करने की सुविधा देकर बहुत बड़ा उपकार किया है। प्रदेश में 2003 में केवल सात लाख हेक्टेयर में सिंचाई होती थी। अब 54 लाख हेक्टेयर में सिंचाई हो रही है। जल्द ही एक करोड़ हेक्टेयर तक सिंचाई सुविधा पहुंच जाएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने प्रदेश की नदी जोड़ो योजनाओं को मंजूरी देकर किसानों को बहुत बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री जी ने नदी जोड़ो परियोजनाओं की सभी बाधाएं दूर कर इनका कार्य शुरू कराया है। उप मुख्यमंत्री ने किसानों से गौ माता के संरक्षण, प्राकृतिक को अपनाने, जैविक खाद और कीटनाशकों के उपयोग तथा श्रीअन्न के उत्पादन का आह्वान किया।
महोत्सव में एपेक्स बैंक के चेयरमैन महेन्द्र सिंह यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री कप्तान सिंह यादव तथा जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता ने किसानों से संवाद किया। महोत्सव में वर्चुअल माध्यम से जुड़कर मुख्यमंत्री जी से रीवा के प्रगतिशील किसानों व्यासमुनि पाण्डेय, सुरेन्द्र कुशवाहा, श्रीमती सुनीता कुशवाहा, रवीन्द्र पटेल, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रवीण त्रिपाठी तथा विन्ध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. पंचूलाल प्रजापति ने संवाद किया। समारोह में प्रगतिशील किसानों तथा किसानों की प्रतिभावान संतानों को सम्मानित किया गया। महोत्सव में कृषि वैज्ञानिक डॉ. संजय सिंह, डॉ. संत कुमार त्रिपाठी, डॉ. राजेश सिंह तथा अन्य विशेषज्ञों ने किसानों को उन्नत खेती के मंत्र दिए। महोत्सव में उन्नत कृषि यंत्रो की प्रदर्शनी तथा कृषि उत्पाद प्रदर्शित किए गए। रोचक गीतों और लोकनृत्यों से भी कृषि विकास का संदेश दिया गया। समारोह में विन्ध्य विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय, किसान मोर्चा के पदाधिकारी बृजेन्द्र प्रताप सिंह, राम सिंह, महाबली गौतम, कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह, कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सृष्टि देशमुख गौड़ा, कृषि तथा अन्य विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री ने चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं को किया पुरस्कृत
अच्छी शिक्षा के साथ अच्छा संस्कार होना आवश्यक है – उप मुख्यमंत्री
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं के विजेताओं को शासकीय मार्तंड स्कूल परिसर में पुरस्कृत किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक देश को विकसित और विश्वगुरु बनाने का संकल्प लिया है। इसका पूरा लाभ आज के युवाओं को मिलेगा। प्रधानमंत्री जी के अनवरत जन सेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर सेवा संकल्प अभियान मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री जी के प्रयासों से आज देश विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। रीवा में भी पिछले 20 वर्षों में हाइवे, रेलवे, एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं का विकास हुआ है। जेन-जी पीढ़ी शिक्षित होने के साथ संस्कारवान बने। अच्छी शिक्षा के साथ-साथ अच्छा संस्कार होना आवश्यक है। इसके लिए युवाओं की ब्रेन स्टार्मिंग जरूरी है। मेरे सपनों का भारत विषय पर आयोजित प्रतियोगिताएं युवाओं को जगाने के लिए ही है।
उप मुख्यमंत्री ने विजेताओं को प्रशस्ति प्रदान करते हुए कहा कि प्रतियोगिता का विजेता बनने के साथ-साथ उसमें भाग लेना भी महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री जी ने अच्छे कार्यों से करोड़ों लोगों को प्रभावित किया है। स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण के प्रयास, आतंकवाद और नक्सलवाद के दमन, धारा 370 हटाने के साहसिक फैसले और हर घर में नल से साफ पानी पहुंचाने के लिए हजारों करोड़ की जल जीवन मिशन योजना जैसे कार्य देश के विकास को गति दे रहे हैं। विश्व में शांति तभी होगी जब उसका नेतृत्व वसुधैव कुटुम्बकम को मानने वाला भारत नेतृत्व करेगा। समारोह में जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितम्बर से सेवा संकल्प अभियान शुरू हुआ है। अभियान के दौरान 2 से 10 अक्टूबर तक सेवा सप्ताह में शामिल 25 तरह की गतिविधियों से जुड़े कार्य किए जाएंगे।
समारोह में चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पीयूष द्विवेदी, दूसरा स्थान अंजली भारती, तीसरा स्थान अनिल कुशवाहा को प्राप्त हुआ। सांत्वना पुरस्कार पलक बघेल, जान्हवी चतुर्वेदी, श्रेया रावत, सुनैना प्रजापति, शिवानी कोल तथा प्रिया शुक्ला को दिया गया। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार तृप्ति सिंह, दूसरा पुरस्कार आस्था मिश्रा तथा तीसरा पुरस्कारी दिव्यांशी मिश्रा को मिला। इसमें सांत्वना पुरस्कार कंचन प्रजापति, अनुराधा पाण्डेय तथा जयदेव चौरसिया को दिया गया। समारोह में प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी राजेश मिश्रा, प्राचार्य उत्कृष्ट विद्यालय आरके जैन, बीईओ एलआर दीपांकर, प्राचार्य ज्ञानोदय विद्यालय प्रभाकर तिवारी तथा प्रतिभागी उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री ने मनकामेश्वर मंदिर में की पूजा-अर्चना
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कोठी कंपाउण्ड स्थित मनकामेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चन किए। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों के सबंध में निर्देश दिए। मनकामेश्वर शिव मंदिर रीवा शहर का प्राचीन शिव मंदिर है। इसका जन सहयोग से जीर्णोद्धार किया जा रहा है। इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय एवं अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री ने सेवा संकल्प अभियान में किया व्यंकट भवन का भ्रमण
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रारंभ हुए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत रीवा के ऐतिहासिक व्यंकट भवन का भ्रमण किया। उप मुख्यमंत्री ने व्यंकट भवन में पुरातत्व विभाग द्वारा किए जा रहे सौन्दर्यीकरण का अवलोकन किया तथा अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिन 17 सितम्बर से सेवा संकल्प अभियान शुरू किया गया है। प्रधानमंत्री जी की मंशा के अनुसार हमारी प्राचीन विरासतों को संरक्षित करने का प्रयास किया जा रहा है। व्यंकट भवन रीवा ही नहीं पूरे विन्ध्य क्षेत्र की ऐतिहासिक और गौरवमयी विरासत है। इसमें बघेली स्थापत्य कला की झलक के साथ-साथ आधुनिक स्थापत्य की भी झलक है। इसके संरक्षण के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
